भारत में जेलों की हालत खस्ता बता माल्या ने प्रत्यर्पण को दी चुनौती
सत्ता विमर्श डेस्क
नई दिल्ली : शराब कारोबारी विजय माल्या को यह आभास हो गया है कि उसके अब बुरे दिन आने वाले हैं। उन्हें यह अहसास हो रहा है कि उनके भारत प्रत्यर्पण से संबंधित चल रहे मुकदमें में फैसला उनके खिलाफ आने वाला है। यही वजह है कि गुरुवार को हुई मामले की ताजा सुनवाई के दौरान माल्या के वकील ने ब्रिटिश कोर्ट में भारतीय जेलों की खराब हालत की बात कही।
भारतीय जेलों की खराब हालातों का हवाला देकर शराब कारोबारी विजय माल्या के वकील ने ब्रिटिश कोर्ट में प्रत्यर्पण को चुनौती दी है। भारतीय बैंकों का 9000 करोड़ रुपए लेकर फरार होने वाले विजय माल्या के प्रत्यर्पण को लेकर ब्रिटिश कोर्ट में सुनवाई चल रही है। माल्या मार्च 2016 में इंग्लैंड भाग गए थे। उन्हें प्रत्यर्पण केस में 18 अप्रैल 2017 को लंदन में गिरफ्तार किया गया था।
एक अंग्रेजी वेबसाइट के मुताबिक, गुरुवार को इस मामले में लंदन के वेस्टमिंस्टर कोर्ट में हुई ताजा सुनवाई के दौरान विजय माल्या के वकील ने भारतीय जेलों की खराब हालत का जिक्र किया। माल्या के पक्षकार ने कहा कि प्रत्यर्पण को चुनौती देने के लिहाज से भारत में जेलों की बुरी हालत भी एक अहम बिंदु है। विजय माल्या के वकील की ओर से उठाए गए इस मुद्दे पर भारतीय गृह मंत्रालय सतर्क हो गया है।
महाराष्ट्र सरकार के एक अधिकारी के अनुसार, विजय माल्या इंग्लैंड से भारत में अपना प्रत्यर्पण रुकवाने के लिए कई तर्कों का सहारा ला रहा है। मुंबई का प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) माल्या के कई घोटालों की जांच करना चाहता है। अगर सरकार उसे भारत ला पाने में सफल रहता है तो उन्हें आर्थर रोड जेल में ही रखा जाएगा, क्योंकि उन्हें कड़ी सुरक्षा की जरूरत होगी।