महाराष्ट्र की 288 और हरियाणा की 90 विधान सभा सीटों पर मतदान संपन्न, नजरें अब नतीजों पर
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान छिटपुट हिंसा के बीच संपन्न हो गया। सोमवार शाम 6.00 बजे तक महाराष्ट्र की 288 सीटों पर 60.5 प्रतिशत और हरियाणा की 90 सीटों पर 67.97 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों ही राज्यों में 2014 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले मतदान कम दर्ज किया गया। हरियाणा के मेवात जिले में चार बूथों पर हिंसक झड़प हुई। महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवाड़ में शिवसेना और एनसीपी के समर्थक भिड़ गए।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में एक तरफ भाजपा-शिवसेना गठबंधन है तो दूसरी तरफ कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन है। इस चुनाव में सबसे खास बात ये है कि ठाकरे परिवार से पहली बार कोई शख्स चुनाव लड़ रहा है। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे वर्ली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। महाराष्ट्र की 288 सीटों पर कुल 3237 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं वहीं हरियाणा की 90 सीटों पर कुल 1169 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
इसके अलावा 17 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 51 विधानसभा सीटों और 2 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए भी आज मतदान कराया गया। उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराये गए। जिन लोकसभा सीटों पर उपचुनाव कराए गए उनमें महाराष्ट्र की सतारा लोकसभा सीट और बिहार के समस्तीपुर लोकसभा सीट शामिल हैं। इन सभी सीटों के चुनाव नतीजे भी 24 अक्टूबर को ही आएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र और हरियाणा के लिए क्रमश: मराठी और हिन्दी में अलग-अलग ट्वीट कर मतदाताओं से रिकॉर्ड मतदान की अपील की है। मराठी में ट्वीट कर पीएम मोदी ने कहा- आज महाराष्ट्राची जनता पुढील पाच वर्षे कोणाला सरकार चालविण्याची संधी द्यायची हे ठरविणार आहेत.तेव्हा महाराष्ट्रातील माझ्या सर्व बंधू-भगिनी विशेषत: माझ्या तरुण मित्रांना माझे आवाहन आहे की, आज विक्रमी संख्येने मतदान करून लोकशाहीचा हा उत्सव समृद्ध करावा! हिन्दी में ट्वीट करते हुए पीएम मोदी ने कहा- हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान का दिन है। सभी मतदाताओं से मेरा अनुरोध है कि वे अपना वोट जरूर डालें और लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदार बनें।
महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर कुल 3237 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसमें से 235 महिला प्रत्याशी हैं, जबकि 3001 पुरुष प्रत्याशी हैं। इसके अलावा एक थर्ड जेंडर भी चुनाव मैदान में है। वोटिंग के लिए 96 हजार 661 पॉलिंग बूथ बनाए गए हैं। कुल 8 करोड़ 97 लाख 22 हजार 19 वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस चुनाव में भाजपा, शिवसेना, कांग्रेस, एनसीपी, बीएसपी, सीपीआई और सीपीआईएम समेत अन्य राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशी उतारे हैं। भाजपा 164, कांग्रेस 147, शिवसेना 124, एनसीपी 121, एमएनएस 101 और बीएसपी 262 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
हरियाणा में कुल मतदाताओं की संख्या 18,282,570 है। हरियाणा की 90 सीटों पर कुल 1169 प्रत्याशी हैं, जिसमें महिलाओं की संख्या 104 है। सभी 90 सीटों पर भाजपा और कांग्रेस चुनाव लड़ रही है, जबकि बीएसपी 87 और इनेलो 81 सीटों पर चुनाव मैदान में है। भाकपा चार और माकपा सात सीटों पर लड़ रही है, वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों की संख्या 434 है। कुल 19,578 मतदान केंद्रों पर वोट डाले गए।