कांग्रेस ने दिखाया राहुल गांधी की कैलाश यात्रा का सुबूत
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : भाजपा के कुछ नेताओं द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की कैलाश मानसरोवर यात्रा पर सवाल उठाने के बाद कांग्रेस ने राहुल की इस यात्रा का 'सबूत' जारी किया है। पार्टी की ओर से शुक्रवार को राहुल की कैलास पर्वत के सामने की एक तस्वीर और उनकी फिटनेस वॉच के आंकड़े जारी किए गए। इसमें बताया गया है कि कैलास यात्रा के दौरान राहुल करीब 34 किलोमीटर पैदल चले हैं।
दरअसल, राहुल ने पिछले दिनों कैलास मानसरोवर की कुछ तस्वीरें शेयर की थीं, जो सोशल मीडिया पर फर्जी बताते हुए ट्रेंड होने लगीं। राहुल के कैलास यात्रा पर जाने के बाद शुक्रवार को उनकी पहली तस्वीर भी सामने आई जिसमें वह अन्य तीर्थयात्रियों के साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी की यात्रा का एक विडियो भी सामने आया है। कांग्रेस पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल से राहुल गांधी की तस्वीर के साथ उनकी यात्रा का ब्योरा भी शेयर किया। कांग्रेस ने कहा, 'नफरत की बात करने वालों को पीछे छोड़ते हुए राहुल गांधी ने कैलास यात्रा के दौरान अच्छी गति स्थापित की।'
कांग्रेस द्वारा शेयर किए गए आंकड़ों में बताया गया है कि राहुल गांधी ने करीब 35 किलोमीटर पैदल यात्रा की। यह यात्रा उन्होंने 463 मिनट (करीब 7 घंटे) में पूरी की। राहुल ने अपने ट्विटर हैंडल पर कैलास यात्रा की तस्वीरों के बाद एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने लिखा, 'शिव ब्रह्मांड हैं।' इससे पहले राहुल ने अपनी यात्रा के आध्यात्मिक अनुभवों को भी साझा किया था। राहुल ने कहा था कि कोई व्यक्ति तभी कैलास जाता है, जब वह उसे बुलाता है। वह यह सौभाग्य पाकर खुश हैं। मानसरोवर झील की दिव्यता को बताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने इशारों-इशारों में सरकार को नसीहत भी दी।
राहुल ने लिखा था, 'मानसरोवर झील का पानी बेहद शांत, स्थिर और कोमल है। यह झील सब कुछ देती है और कुछ नहीं लेती। इसे कोई भी ग्रहण कर सकता है। यहां कोई घृणा नहीं है, नफरत का भाव नहीं है। इसीलिए भारत में इस जल को पूजा जाता है।' राहुल की कैलास मानसरोवर यात्रा पर भाजपा और कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है। भाजपा इसे पाखंड करार दे रही है, तो कांग्रेस उसे एक शिवभक्त और उसकी भक्ति के बीच में विघ्न बता रही है।