लोकसभा चुनाव 2019 : चौथे चरण में 72 सीटों पर 64 प्रतिशत मतदान, बंगाल फिर से अव्वल
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 9 राज्यों की 72 लोकसभा सीटों पर 29 अप्रैल को हुए चुनाव में 64 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसमें महाराष्ट्र की सबसे ज़्यादा 17, उत्तर प्रदेश और राजस्थान की 13-13, पश्चिम बंगाल की आठ, मध्य प्रदेश और ओडिशा की छह-छह, बिहार की पांच, झारखंड की तीन और जम्मू-कश्मीर की एक सीट पर वोट डाले गए।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल मतदान करने में सबसे आगे है। पश्चिम बंगाल में सर्वाधिक 76.66 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं सबसे कम मतदान जम्मू-कश्मीर में हुई। यहां महज 9.79 प्रतिशत वोट डाले गए। चौथे चरण के चुनाव में अलग-अलग राज्यों में मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा--
1. बिहार (58.92 प्रतिशत)- दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, मुंगेर।
2. जम्मू कश्मीर (9.79 प्रतिशत)- अनंतनाग
3. मध्यप्रदेश (66.68 प्रतिशत)- सीधी, शहडोल, जबलपुर, मांडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा।
4. महाराष्ट्र (55.85 प्रतिशत)- नंदुरबार, धुले, डिंडोरी, नासिक, पालघर, भिवंडी, कल्याण, ठाणे, मुंबई उत्तर, मुंबई उत्तर-पश्चिम, मुंबई उत्तर-पूर्व, मुंबई उत्तर-सेंट्रल, मुंबई दक्षिण-सेंट्रल, मुंबई दक्षिण, मावल, शिरूर, शिरडी।
5. ओडिशा (64.05 प्रतिशत)- मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर।
6. राजस्थान (67.42 प्रतिशत)- टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा, झालावाड़-बारां।
7. उत्तर प्रदेश (57.29 प्रतिशत)- शाहजहांपुर, खीरी, हरदोई, मिसरिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर, जालौन, झांसी, हमीरपुर।
8. पश्चिम बंगाल (76.66 प्रतिशत)- बहरामपुर, कृष्णनगर, रानाघाट, बर्धमान पूर्व, बर्दवान-दुर्गापुर, आसनसोल, बोलपुर, बीरभूम।
9. झारखंड (63.77 प्रतिशत)- चतरा, लोहरदग्गा, पलामू।