लोकसभा चुनाव के 5वें चरण में सात राज्यों की 51 सीटों पर मतदान संपन्न, 63 प्रतिशत वोटिंग दर्ज
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में सात राज्यों की 51 सीटों पर वोटिंग संपन्न हो गई है। निर्वाचन आयोग से मिले आंकड़ों के मुताबिक, इस चरण में कुल 62.56 फीसदी वोटिंग हुई। सत्तारूढ़ भाजपा और इसके सहयोगियों के लिए इस चरण में काफी कुछ दांव पर लगा हुआ है, क्योंकि 2014 के चुनावों में भाजपा ने इनमें से 40 सीटों पर जीत दर्ज की थी और दो सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी, जबकि शेष पर अन्य विपक्षी दलों ने जीत हासिल की। उत्तर प्रदेश की 14, मध्य प्रदेश की 7, बिहार की 5, राजस्थान की 13, झारखंड की 4, जम्मू-कश्मीर की 2, बंगाल की 7 सीटों पर मतदान होगा। राजनाथ सिंह, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और स्मृति ईरानी सहित 674 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला आज ईवीएम में बंद हो गया।
शाम 5.00 बजे तक सात राज्यों में मतदान प्रतिशत और सीटों के नाम
1. बिहार (57.86 प्रतिशत)- सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण, हाजीपुर।
2. जम्मू कश्मीर- लद्दाख (63.76 प्रतिशत), अनंतनाग (8.76 प्रतिशत)।
3. मध्यप्रदेश (62.60 प्रतिशत)- टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद, बैतूल।
4. राजस्थान (63.75 प्रतिशत)- गंगानगर, बीकानेर, चुरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा, नागौर।
5. उत्तप्रदेश (57.33 प्रतिशत)- धौरहरा, सीतापुर, मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी, बाराबंकी, फैजाबाद, बहराइच, कैसरगंज, गोंडा।
6. पश्चिम बंगाल (73.97 प्रतिशत मतदान)- बैरकपुर, हावड़ा, उलुबेरिआ, श्रीरामपुर, हुगली, आरामबाग।
7. झारखंड (63.76 प्रतिशत मतदान)- रांची, कोडरमा, खूंटी, हजारीबाग।
इस चरण को देखें तो उत्तर प्रदेश की रायबरेली और अमेठी छोड़कर सभी सीटें भाजपा के पास हैं। राजस्थान की इन 13 सीटों को भी भाजपा ने साल 2014 के लोकसभा चुनाव में जीत ली थीं। इसी तरह मध्य प्रदेश की भी सभी 7 सीटें भाजपा के ही खाते की हैं। बिहार की भी चारों सीटों पर भाजपा ने पिछले चुनाव में जीत दर्ज की थी। इस लिहाज से यह चरण भाजपा के लिए कड़ा इम्तिहान है।
जम्मू-कश्मीर की लद्दाख सीट और अनंतनाग सीट के लिए पुलवामा और शोपियां जिलों में चुनाव कराया गया। चुनाव आयोग ने 94 हजार मतदान केंद्रों का निर्माण किया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। पांचवें और सबसे छोटे चरण में 8.75 करोड़ मतदाता 674 उम्मीदवारों का भविष्य ईवीएम में कैद हो गया है। इस चरण के साथ ही 424 सीटों पर चुनाव संपन्न हो गए हैं। शेष 118 सीटों पर 12 मई और 19 मई को चुनाव होंगे।