झारखंड में चुनाव की घोषणा; 30 नवंबर से 20 दिसंबर तक पांच चरणों में मतदान, 23 दिसंबर को रिजल्ट
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : झारखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी गई है। चुनाव आयोग के मुताबिक, 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए यहां पांच चरणों में मतदान होगा। 30 नवंबर से लेकर 20 दिसंबर तक पांच चरणों में मतदान कराने के बाद 23 दिसंबर को काउंटिंग होगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनावी कार्यक्रम की घोषणा की। चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। पांच चरणों के मतदान में पहले चरण की वोटिंग 30 नवंबर को, दूसरे चरण की वोटिंग सात दिसंबर को होगी। तीसरे चरण की 12 दिसंबर जबकि 16 दिसंबर को चौथे चरण की वोटिंग होगी। पांचवें और आखिरी चरण का मतदान 20 दिसंबर को होगा। झारखंड में 2.265 करोड़ मतदाता हैं। इस बार मतदान केंद्रों में भी 20 फीसदी का इजाफा किया गया है।
चुनाव आयोग के मुताबिक, झारखंड में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मतदान कराना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। राज्य के 19 जिलों की 67 सीटें नक्सल प्रभावित हैं। चुनाव आयोग ने 19 जिले संवेदनशील और 13 अति संवेदनशील घोषित किए हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विशेष सुरक्षा इंतजाम कराए जाएंगे।
किस विधानसभा में कब होगा मतदान?
पहला चरण (30 नवंबर) : छतरा, गुमला, बिशुनपुर, लोहरदगा, मनिका, लातेहार, पनकी, डालटनगंज, बिश्रामपुर, छतरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा, भवनाथपुर।
दूसरा चरण (7 दिसंबर) : बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, पूर्वी जमशेदपुर, पश्चिम जमशेदपुर, सरायकेला, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, खरसावां, तमाड़, तोरपा, खूंटी, मांदर, सिसई, सिमडेगा, कोलेबिरा।
तीसरा चरण (12 दिसंबर) : कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, मांडू, हजारीबाग, सिमरिया, बड़कागांव, रामगढ़, धनवार, गोमिया, बेरमो, ईचागढ़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया, कांके।
चौथा चरण (16 दिसंबर) : मधुपुर, देवघर, बगोदर, जमुआ, गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, बोकारो, चंदनकियारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी, बाघमारा।
पांचवां चरण (20 दिसंबर) : राजमहल, बोइरो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, नाला, जामताड़ा, सारठ, पोडैयाहाट, गोड्डा, महगामा।
राज्य में भाजपा-आजसू की सरकार
झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल अगले साल पांच जनवरी 2020 को समाप्त हो रहा है। वर्तमान में राज्य में भाजपा-आजसू (भारतीय जनता पार्टी-ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन) गठबंधन की सरकार है। रघुवर दास राज्य के मुख्यमंत्री हैं। पिछले चुनाव में भाजपा ने 37 और उसकी सहयोगी आजसू ने 5 सीटों पर जीत हासिल की थी। महाराष्ट्र और हरियाणा में झटका खाने के बाद एनडीए के सामने राज्य में अपनी सत्ता बचाने की कड़ी चुनौती होगी। कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा, झारखंड विकास पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल भी चुनाव मैदान में होंगे। पिछले चुनाव में भाजपा और आजसू के अलावा कांग्रेस ने छह, झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 19, झाविमो ने 8 और अन्य के खाते में छह सीटें गई थीं।