भाजपा ने शुरू की लोकसभा चुनाव की तैयारी; राजनाथ बनाएंगे घोषणा पत्र और जेटली बने प्रचार प्रमुख
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : केंद्र की सत्ता में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपनी समितियों का गठन कर दिया है। इस क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को घोषणा पत्र समिति का प्रमुख और केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली को प्रचार समिति का प्रमुख बनाया गया है। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को विभिन्न सामाजिक और गै़रशासकीय संगठनों से समन्वय की ज़िम्मेदारी दी गई है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कुल 17 समितियां बनाई हैं जिनमें लगभग सभी वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है। उनकी ज़िम्मेदारियां निश्चित की गई हैं। मसलन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान की लिखित सामग्री तैयार करने वाली समिति का प्रमुख बनाया गया है। कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद मीडिया समूहों के साथ समन्वय का काम देखेंगे। सोशल मीडिया समिति के प्रमुख श्याम जाजू बनाए गए हैं। इसके अलावा जाजू प्रचार सामग्री के वितरण का काम भी देखेंगे।
घोषणा पत्र समिति में राज्यों के वरिष्ठ नेताओं को भी जगह दी गई है। इसमें बतौर सदस्य- अरुण जेटली, निर्मला सीतारमण, थावर चंद गहलोत, रविशंकर प्रसाद, पीयूष गोयल, मुख्तार अब्बास नक़वी, केजे अल्फोन्स, किरेन रिजीजू, सुशील मोदी, शिवराज सिंह चौहान, केशव प्रसाद मौर्य, अर्जुन मुंडा, राम माधव, भूपेंद्र सिंह, नारायण राणे, मीनाक्षी लेखी, संजय पासवान, हरि बाबू और राजेंद्र मोहन सिंह चीमा शामिल हैं। पिछली बार घोषणा पत्र समिति के प्रमुख मुरली मनोहर जोशी थे।
लोकसभा चुनाव के लिए नौ और राज्यों के प्रभारी नियुक्त
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने नौ और राज्यों के चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति की। इससे पहले पार्टी ने 27 दिसंबर को 17 राज्यों के लिए प्रभारी नियुक्त किए थे। भाजपा ने इन नौ राज्यों में उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को सौंपी है। कर्नाटक में लोकसभा चुनाव का कामकाज पार्टी महासचिव मुरलीधर राव और भाजपा की विधायक (राजस्थान से) किरण माहेश्वरी देखेंगी।
पार्टी ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के साथ सीटी रवि को तमिलनाडु, पुडुचेरी और अंडमान-निकोबार का चुनाव प्रभारी बनाया है। इसके साथ ही रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और जयभान सिंह पवैया को दिल्ली का प्रभारी बनाया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र के साथ विश्वास सारंग हरियाणा में पार्टी के चुनावी अभियान की कमान संभालेंगे। अविनाश राय खन्ना को त्रिपुरा और जम्मू-कश्मीर का प्रभारी बनाया गया है।
भाजपा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सत्ता से बेदखल होने के बाद दिसंबर में ही इन राज्यों के लिए भी चुनाव प्रभारी नियुक्त कर चुकी है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और पार्टी के वरिष्ठ नेता सुधांशु त्रिवेदी को राजस्थान का प्रभार सौंपा गया है। मध्य प्रदेश में भाजपा की लोकसभा चुनाव की तैयारी स्वतंत्र देव सिंह और सतीश उपाध्याय देखेंगे तो वहीं छत्तीगढ़ की कमान अनिल जैन को दी गई है।