जानिए! गोवा विधानसभा चुनाव 2017 के बारे में प्रमुख तथ्य
भारतीय निर्वाचन आयोग की घोषणा के मुताबिक 40 सदस्यों वाले गोवा विधानसभा के लिए एक चरण में 4 फरवरी 2017 को चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। 11 मार्च को चुनाव परिणामों की घोषणा की जाएगी। 18 मार्च 2017 को वर्तमान विधानसभा की अवधि समाप्त होने जा रही है इसलिए उम्मीद की जा रही है इससे पहले प्रदेश में सरकार का गठन कर लिया जाएगा। इससे पहले यहां 3 मार्च 2012 में विधानसभा चुनाव कराए गए थे और 6 मार्च को नतीजों की घोषणा की गई थी। तब 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी गठबंधन ने क्रमश: 21 ओर 3 सीटें जीती थी और एक बार फिर से मनोहर पर्रिकर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद के रूप में शपथ ली थी। 2014 के लोकसभा चुनाव में केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद मनोहर पर्रिकर को केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री बना दिया गया और गोवा मंत्रिमंडल के वरिष्ठ मंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर को मुख्यमंत्री बनाया गया।
पिछले चुनावों में दलीय स्थिति पर एक नजर
2012 में भारतीय जनता पार्टी को 21, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को 9 और अन्य को 10 सीटें मिली थीं। सीटों की संख्या के आधार पर भाजपा की सरकार बनी थी। 2007 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 14, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को 16 और अन्य को 10 सीटें मिली थीं। बहुमत तो इस चुनाव में किसी को नहीं मिली थी लेकिन जोड़तोड़ की राजनीति में संख्याबल जुटाकर कांग्रेस पार्टी ने सरकार बनाई थी। इससे पहले 2002 में भारतीय जनता पार्टी को 17, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को 16 और अन्य को 7 सीटें मिली थीं। इस चुनाव में भी किसी एक पार्टी को बहुमत नहीं मिल पाया लेकिन कांग्रेस पार्टी सरकार बनाने में सफल रही।
2011 की जनगणना के मुताबिक, 14 लाख 58 हजार 545 लोगों की आबादी वाले गोवा में पुरुषों की आबादी जहां 739140 है वहीं महिलाओं की आबादी 719405 है। 5 जनवरी 2017 को चुनाव आयोग द्वारा अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची के मुताबिक, प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 10 लाख 85 हजार 271 है। प्रदेश की साक्षरता दर 87 प्रतिशत है। प्रदेश में कोंकणी भाषा का वर्चस्व है। करीब 61 प्रतिशत लोग कोंकणी बोलते हैं। अन्य भाषाओं में मराठी 19 प्रतिशत, कन्नड़ 7 प्रतिशत, हिन्दी 5 प्रतिशत और उर्दू बोलने वाले 4 प्रतिशत लोग हैं।
गोवा का राजनीतिक इतिहास
गोवा प्राचीनकाल में गोमांचल, गोपकपट्टम, गोपकेपुरी, गोवापुरी और गोमांतक आदि कई नामों से विख्यात रहा है। इस प्रदेश की लंबी राजनीतिक परंपरा रही है। ईसा पूर्व पहली शताब्दी में गोवा सातवाहन साम्राज्य का अंग था। उसके बाद कदंब, मलखेड़ के राष्ट्रकूटों, चालुक्य तथा सिलाहार राजवंशों का इस पर शासन रहा। 14वीं शताब्दी के अंत में यादवों का साम्राज्य समाप्त हुआ और दिल्ली के खिलजी वंश ने इस पर अपना अधिकार किया। इस प्रकार गोवा मुस्लिम शासकों के अधीन आ गया। साल 1498 में वास्कोडिगामा द्वारा भारत के लिए समुद्री मार्ग की खोज के बाद कई पुर्तगाली यात्री भारत पहुंचे। 1510 में एल्फांसो द अलबुकर्क ने विजयनगर के सम्राट की सहायता से गोवा पर आक्रमण करके इस पर कब्जा कर लिया। 1542 में जेसुइट सेंट फ्रांसिस जेवियर के आगमन से गोवा में धर्म परिवर्तन का काम आरंभ हुआ। 17वीं शताब्दी के उत्तरार्द्ध के कुछ वर्षों को छोड़कर जब शिवाजी ने गोवा तथा उसके आसपास के कुछ क्षेत्रों पर अधिकार किया, समूचे क्षेत्र पर पुर्तगालियों का शासन जारी रहा। भारत के आजाद होने के बाद भी गोवा पुर्तगालियों के कब्जे में रहा, लेकिन पुर्तगाली शासक गोवावासियों की आकांक्षाओं को पूरा नहीं कर पाए। अंतत: 19 दिसंबर, 1961 को गोवा को मुक्त कराया गया और इसे दमन तथा दीव के साथ मिलाकर केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया। 30 मई, 1987 को गोवा को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया गया और दमन तथा दीव को अलग केंद्र शासित प्रदेश बना दिया गया।
विधानसभा चुनाव 2017 में प्रमुख पार्टियां
साल 2017 के विधानसभा चुनाव में कई पार्टियां चुनाव मैदान में हैं। इनमें भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी, महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी के अलावा आम आदमी पार्टी, शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, गोवा विकास पार्टी, गोवा सुरक्षा मंच, आवाज-ए-पंजाब, यूनाइटेड गोवा डेमोक्रेटिक पार्टी शामिल हैं। आरएसएस के बागी एवं क्षेत्रीय भाषा के पैरोकार सुभाष वेलिंगकर ने गोवा विधानसभा चुनाव से पहले गोवा सुरक्षा मंच (जीएसएम) नाम से नया राजनीतिक दल का गठन किया है जो इस चुनाव में शिवसेना के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है।
मुख्यमंत्री के संभावित उम्मीदवार
मनोहर पर्रिकर (भाजपा), लक्ष्मीकांत पारसेकर (भाजपा), सुभाष वेलिंगकर (गोवा सुरक्षा मंच), एल्विस गोम्स (आम आदमी पार्टी), प्रताप सिंह राणे (कांग्रेस), दिगंबर कामत (कांग्रेस)।
गोवा विधानसभा क्षेत्रों के नाम
1.मेनड्रेम 2.परनेम 3.बिचोलिम 4.टिविम 5.मापुसा 6.सियोलिम 7.सालीगाव 8.कालान्गुते 9.पोरवोरिम 10.अल्डोना 11.पणजी 12.तालेइगाओ 13.सेंट क्रूज 14.सेंट आंद्रे 15.कम्बर्जुआ 16.मयेम 17.संकुएलिम 18.पोरियम 19.वालपय 20.प्रिओल 21.पोंडा 22.सिरोडा 23.मारकेम 24.मोरमुगांव 25.वास्को-डि-गामा 26.डाबोलिम 27.कोर्टालिम 28.न्यूवेम 29.कर्टोरिम 30.फेट्रोडा 31.मरगांव 32.बेनुलिम 33.नवेलिम 34.कुनकोलिम 35.वेलिम 36.क्यूपेम 37.कुरचोरेम 38.संवोर्देम 39.संगुएम 40.कानकोना।