हरियाणा चुनाव: सड़क पर उतरे तंवर ने लगाया ये गंभीर आरोप!
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली: हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए सभी पार्टियां अपने-अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करने में लगी है। इस बीच कांग्रेस की ओर से जारी लिस्ट में कुछ नामों को लेकर हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर ने आपत्ति जताई है। अपने समर्थकों के साथ तंवर दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
तंवर ने पैसे लेकर टिकट बेचने का आरोप लगाया है। अशोक तंवर ने कहा कि बीते 5 साल में मैंने पार्टी को खून-पसीने से राज्य में सींचा है। राज्य में नेतृत्व को खत्म किया जा रहा है। हम हमेशा से अपनी पार्टी को लेकर समर्पित रहे हैं। ऐसे लोगों को टिकट क्यों दिए जा रहे हैं जो पहले कांग्रेस की आलोचना करते थे और अब कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।
तंवर ने सोहना सीट का टिकट 5 करोड़ में बेचे जाने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने कहा कि वो इस मसले को सुलझाने का प्रयास करेंगे। अगर टिकट बंटवारे में धांधली की गई है तो चुने गए लोगों को कैसे जीत मिलेगी।