'भाजपा मुक्त गुजरात' की अरविन्द केजरीवाल ने ठानी जिद
सत्ता विमर्श ब्यूरो
सूरत : गुजरात भाजपा का मॉडल स्टेट है। 1994 से यहां भाजपा का राज है। दिल्ली में ऐतिहासिक जीत के बाद आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 22 साल से लगातार शासन कर रही भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए हुंकार भरी है। केजरीवाल के बारे में ऐसा माना जाता है कि अगर वह कोई जिद ठानते हैं तो उसे किसी भी कीमत पर हासिल करते हैं। तो क्या गुजरात से भाजपा को बेदखल करने की केजरी की जिद पूरी होगी?
योगी चौक पर रविवार को आयोजित विशाल रैली में केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) अगले वर्ष गुजरात में विधानसभा का चुनाव लड़ेगी। उन्होंने लोगों से 2017 के विधानसभा चुनाव में राज्य से भाजपा की सत्ता को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पटेल समुदाय के साथ अन्याय कर रही है। भाजपा में विरोध सहने की ताकत नहीं है। उन्होंने पूछा कि हार्दिक पटेल का क्या कसूर है। दिल्ली के सीएम ने कहा कि हार्दिक पटेल से बड़ा कोई देशभक्त नहीं है।
केजरीवाल ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी कांग्रेस और राज्य में सत्ताधारी भाजपा दोनों से मुकाबला करेगी। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि गुजरात को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह दिल्ली में बैठकर चला रहे हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेकें। आप नेता ने कहा कि सूरत की सभा में उमड़ी भीड़ ने उन्हें 2011 के अन्ना आंदोलन की याद ताजा कर दी है, जब पूरा देश सड़कों पर उतर आया था।
केजरीवाल ने कहा कि अमित शाह ने आज गुजरात के लोगों के सामने एक चुनौती पेश की है। उन्होंने कहा, क्या आप चुनाव लड़ने, जीतने और अमित शाह को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार हैं? गुजरात विधानसभा का अगला चुनाव एक क्रांति होगा। यह संग्राम अमित शाह बनाम गुजरात की जनता होगा। आप की सभा में अमित शाह की सभा की तरह कोई गड़बड़ी ना हो इसलिए उन्होंने पूरी तरह स्क्रीनिंग करके लोगों को रैली में आने दिया था। सभी को ऑरेंज हैंड बैंड दिये गये थे ताकि अवांछित लोग घुसने ना पाएं।
आम आदमी पार्टी आने वाले समय में केजरीवाल के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक पर उनके बयान और नर्मदा परियोजना के खिलाफ आंदोलन करने वाली मेधा पाटकर को उनकी पार्टी का बताकर उन्हें गुजरात विरोधी बताने का अभियान और तेज करने की तैयारी कर रही है। तमाम विरोधों के बीच हुई अपनी पहली प्रचार यात्रा में अरविंद केजरीवाल ने आगे आने वाले एक डेढ़ साल के लिए अपने प्रचार का संकेत साफ कर दिया है कि पूरे प्रचार में उनके निशाने पर अमित शाह होंगे।
उधर, केजरीवाल की यहां आयोजित रैली से कुछ घंटे पहले ही आम आदमी पार्टी (आप) के गुजरात प्रभारी और विधायक गुलाब सिंह को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली पुलिस की टीम ने गुलाब सिंह को यहां गिरफ्तार किया। गुलाब सिंह सप्ताह भर से गुजरात में डेरा डाले हुए थे। उन्हें हिरासत में लेने के बाद एक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया और उनकी ट्रांजिट रिमांड की मांग की गई।
गुलाब सिंह दिल्ली से आप के 14वें विधायक हैं, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी की आशंका के चलते गुलाब सिंह स्वयं नया सूरत के पुलिस आयुक्त सतीश शर्मा के समक्ष जाकर पेश हुए, जबकि दिल्ली पुलिस एक गैर जमानती वारंट के साथ सिंह को गिरफ्तार करने सूरत पहुंची थी। सिंह के खिलाफ यह वारंट दो दिन पहले ही जारी हुआ था, क्योंकि अवैध वसूली से संबंधित एक मामले में पूछताछ के लिए वह उपस्थित नहीं हो पाए थे।